पंकज कुमार जहानाबाद
जहानाबाद के पश्चिमी इलाके के पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर का असर अब पटना-गया रेलखंड पर साफ दिखने लगा है। परसाबाजार के बीच पुल संख्या 21 पर पानी का स्तर बढ़ने के कारण डाउन लाइन पर ट्रेन परिचालन रोक दिया गया है। इसका सीधा असर जहानाबाद के दैनिक रेल यात्रियों पर पड़ा है। पटना और गया की ओर नौकरी, कारोबार, पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा इलाज के लिए प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों के सामने अब यात्रा को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। रेलवे ने सात सितंबर को इस रेलखंड से जुड़ी 10 मेमू ट्रेनों को रद करने के साथ कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदलकर परिचालन करने का निर्णय लिया है।
रेल अभियंत्रण विभाग की ओर से चार सितंबर की रात 8:10 बजे से डाउन लाइन पर अगले आदेश तक परिचालन रोक दिया गया है। पुनपुन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए रेलवे ने यह कदम रेल परिचालन की सुरक्षा के मद्देनजर उठाया है। इसका सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर पड़ने की संभावना है जो प्रतिदिन सुबह जहानाबाद से पटना या गया के लिए मेमू ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं। ट्रेनें रद होने से उन्हें बस, निजी वाहन या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
10 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद
रेलवे के आदेश के अनुसार गया-पटना और पटना-गया के बीच चलने वाली 63242, 63244, 63245, 63247, 63248, 63250, 63251 एवं 63256 मेमू ट्रेनें सात सितंबर को रद रहेंगी। इसके अलावा 63253 पटना-गया मेमू और 63274 पटना-राजगीर मेमू का परिचालन भी रद रहेगा। 63248 के ईएमयू रैक को एमपीओ प्वाइंट पर लिया जाएगा, जहां से राजगीर के लिए 63339 की सेवा संचालित की जाएगी।
जहानाबाद से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए मेमू ट्रेनें अपेक्षाकृत सुलभ और नियमित यात्रा का प्रमुख साधन हैं। इन ट्रेनों के रद होने से खासकर सुबह और शाम के समय यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। छोटे स्टेशनों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जहानाबाद या पटना पहुंचने वाले यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ने की आशंका है।
कई एक्सप्रेस ट्रेनों का भी बदला मार्ग
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों का मार्ग भी बदला है। 18625 प्रिंसिपल-हटिया एक्सप्रेस को सात सितंबर को बीकेपीएल-राजगीर-तिलैया-पटना-गया-किऊल मार्ग से चलाया जाएगा। 18626 हटिया-प्रिंसिपल एक्सप्रेस का मार्ग भी परिवर्तित रहेगा।
13329 धनबाद-पटना एक्सप्रेस छह सितंबर को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से पटना पहुंचेगी। 13330 पटना-धनबाद एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी। इसके अलावा 15137 राजगीर-बनारस और 15138 बनारस-राजगीर एक्सप्रेस का परिचालन भी परिवर्तित मार्ग से होगा। 63390 नवादा-पटना, 63389 पटना-नवादा, 63391 इस्लामपुर-पटना और 63392 पटना-इस्लामपुर मेमू भी वैकल्पिक मार्ग से चलेंगी।
यात्रा से पहले जानकारी लेना जरूरी
ट्रेनों के रद होने और मार्ग बदलने से जहानाबाद के यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में विशेष सावधानी बरतनी होगी। खासकर नौकरीपेशा और विद्यार्थियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुल संख्या 21 के पास जलस्तर और रेल परिचालन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुनपुन नदी का जलस्तर सामान्य होने तथा रेल परिचालन सुरक्षित पाए जाने के बाद ही डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूर्ववत किया जाएगा।



