रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!
शेखपुरा. जिले की चर्चित लव स्टोरी से जुड़े चंचला कुमारी हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा कसते ही करीब दो साल से फरार आरोपी परिवार के सदस्य एक-एक कर कानून के सामने झुकने लगे हैं। मृतका की मां और पिता के जेल जाने के बाद सोमवार को आरोपी भाई शुभम कुमार ने भी शेखपुरा नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। नगर थाना क्षेत्र के कमासी गांव में 25 नवंबर 2024 को डाक विभाग में बीपीएम पद पर कार्यरत चंचला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआत में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद माता-पिता और भाई को आरोपी बनाया गया। बताया जाता है कि चंचला ने कोरमा निवासी राहुल कुमार से प्रेम विवाह किया था, जिससे परिवार नाराज था। दोनों की सामाजिक शादी 4 दिसंबर को होनी थी, लेकिन उससे पहले ही चंचला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के घर कुर्की की कार्रवाई की तैयारी तेज होने के बाद फरार आरोपी दबाव में आए। पहले पिता बच्चनदेव चौहान और अब भाई शुभम ने सरेंडर कर दिया, जबकि मां अनिता देवी पहले से जेल में है। प्रेमी राहुल का कहना है कि लंबे संघर्ष के बाद अब उसे न्याय की उम्मीद जगी है।




