रिपोर्ट – कुमार रवि!
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे एक महिला समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान नन्हकी देवी और मानी भूषण के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और नीचे कमरे में सो रहे उसे तथा उसके भाई को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी छत पर पहुंचा जहां उसकी मां और चाचा सो रहे थे और दोनों को गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कमरे के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर दोनों भाइयों को बाहर निकाला। इसके बाद जब वे लोग छत पर पहुंचे तो वहां नन्हकी देवी और मानी भूषण को मृत अवस्था में पाया।
परिजनों के अनुसार नन्हकी देवी के पति की मौत के बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले अपने देवर मानी भूषण से दूसरी शादी कर ली थी। दोनों गांव में बीज भंडार की दुकान चलाते थे।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए मामले का खुलासा करने में जुटी है।




