रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
उत्तर बिहार के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुजफ्फरपुर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल में 12 बेड की आईसीयू यूनिट का उद्घाटन किया गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा है कि अस्पताल में फिलहाल 150 बेड उपलब्ध हैं, जिसे जल्द ही और बढ़ाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब कैंसर समेत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली और मुंबई का रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार उत्तर बिहार में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
होमी भाभा कैंसर अस्पताल में 12 बेड की आईसीयू यूनिट का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार के मरीजों के लिए यह अस्पताल किसी वरदान से कम नहीं है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अस्पताल में 150 बेड उपलब्ध हैं, जिसे बहुत जल्द बढ़ाया जाएगा। साथ ही 100 बेड की पैलेटिव केयर यूनिट भी विकसित की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही 112 करोड़ रुपये आवंटित करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आईसीयू, डायलिसिस, वेंटिलेटर और पैथोलॉजी जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मरीजों को सामान्य इलाज और गंभीर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ मेजर ऑपरेशन जैसे मामलों में ही मरीजों को बाहर जाना पड़ सकता है।
इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार एसकेएमसीएच पहुंचे, जहां उन्होंने 30 बेड की सुविधा का उद्घाटन किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने ऑपरेशन थिएटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश कुमार ने बताया कि 30 बेड की सुविधा शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी और अस्पताल में इलाज की क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, जिलाधिकारी कुमार गौरव,सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



