गंगा-सोन के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

गंगा एवं सोन नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भोजपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जिलेवासियों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने शाहपुर, बड़हरा, कोईलवर, आरा सदर, उदवंतनगर और बिहियाँ प्रखंड के निचले एवं नदी किनारे के इलाकों में रहने वाले लोगों से जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान नहीं करने, तेज बहाव के करीब नहीं जाने और जलमग्न क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। बच्चों को नदी और पानी से घिरे इलाकों के आसपास अकेले नहीं जाने देने की भी सलाह दी गई है।

प्रशासन ने नदी किनारे फोटो और सेल्फी लेने से बचने, नाव से यात्रा के दौरान केवल अधिकृत नाव का इस्तेमाल करने तथा नाव की क्षमता से अधिक लोगों को सवार नहीं करने की अपील की है।

वहीं, जलमग्न सड़कों और रास्तों को तेज बहाव के बीच पैदल या वाहन से पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में 94723 98730 एवं 06182-221233 पर संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

प्रशासन की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

बाइट/मनेश मीणा जिलाधिकारी (भोजपुर)

Join us on: