कटिहार- थाना के पास ही आभूषण दुकान में चोरी, शटर तोड़कर आभूषण ले उड़े चोर!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

कटिहार जिले के आजमनगर थाना से कुछ ही दूरी पर शिवनगर चौक के समीप पप्पू ज्वेलरी दुकान में गुरुवार की अहले सुबह करीब तीन बजे चोरों ने शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आजमनगर बाजार के व्यवसायियों में चिंता का माहौल है।
दुकान संचालक पप्पू पोद्दार ने बताया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। गुरुवार की सुबह उन्हें दुकान का शटर टूटे होने की जानकारी मिली। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर करीब ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण गायब मिले।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर सामने आया कि गुरुवार की अहले सुबह करीब तीन बजे चार अज्ञात व्यक्ति दुकान के पास पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखे चांदी के आभूषण समेटे और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है तथा संदिग्धों की पहचान में जुटी है। दुकान मालिक ने पुलिस से चोरी हुए आभूषण बरामद करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। थाना से महज कुछ दूरी पर हुई चोरी की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join us on: