भगवान कृष्ण के आदर्शों पर चलकर ही समृद्ध बिहार का सपना होगा साकार :-मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

पटना, 02 सितम्बर 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पटना के वीरचंद पटेल स्थित मिलर ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय कृष्णोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अन्याय और अधर्म के खिलाफ संघर्ष का रास्ता दिखाया। भगवान श्रीराम ने जहां मर्यादा का संदेश दिया, वहीं भगवान श्रीकृष्ण ने अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और उसके खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा दी। आज आवश्यकता है कि हम भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर बिहार और देश को आगे बढ़ाने का काम करें। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण हमारे लिए भगवान भी हैं और गुरु भी। भगवान श्रीकृष्ण ने न्याय के पक्ष में खड़े होकर पूरी दुनिया को संदेश दिया कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना आवश्यक है। महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं हथियार नहीं उठाने का संकल्प लिया लेकिन धर्म और न्याय के पक्ष में खड़े रहे। उन्होंने अर्जुन का मार्गदर्शन किया और उन्हें कर्तव्य के रास्ते पर आगे बढ़ाया। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि नीति के साथ नेतृत्व भी आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी विकसित भारत का सपना देख रहे हैं और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी समृद्ध बिहार का। बिहार सरकार समृद्ध बिहार के निर्माण के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। बिहार की समृद्धि का सबसे बड़ा प्रतीक यहां के नौजवान हैं। वर्ष 2005 के पहले के बिहार और वर्ष 2026 के बिहार में काफी बदलाव आया है। अब बिहार को और तेजी से विकास के रास्ते पर आगे ले जाना है। उन्होंने बिहार के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात कर बिहार को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य की जनता और युवाओं के हित में लगातार काम करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरती है। यहीं गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म हुआ, भगवान महावीर का जन्म हुआ और गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई। ऐसी महान विरासत वाली धरती को विकास और समृद्धि के नए शिखर पर ले जाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कृष्ण उत्सव के आयोजन के लिए आयोजकों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास आगे भी जारी रहना चाहिए।

कार्यक्रम से पहले सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी और कार्यक्रम के संयोजक श्री सायन कुणाल ने मोमेंटो, अंगवस्त्र और पाग भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने स्व० आचार्य किशोर कुणाल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत, कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अशोक चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री जमा खान, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री श्री संजय कुमार सिंह, सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी, विधायक श्री संजीव चौरसिया, विधायक श्री ऋतुराज कुमार, विधायक श्री रणधीर सिंह, विधान पार्षद श्री संजय सिंह और कार्यक्रम के संयोजक सह बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य श्री सायन कुणाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त उपस्थित थे।

Join us on: