रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
अररिया . अररिया आरएस थाना पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियो के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल समेत कुल तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों ने अररिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है.
मामला 13 अगस्त 2026 का है. अररिया मंडल कारा जेल गेट के समीप से एक स्पेलेंडर मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR38AL4325 है, चोरी हो गई थी. इस संबंध में आरएस थाना कांड संख्या 193/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान, ट्रम्प डाटा विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान कांड में चोरी गई मोटरसाइकिल सहित कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं. साथ ही गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपितों में समीम (30 वर्ष), पिता नजीर, निवासी डुमरिया वार्ड नंबर 05, थाना – पौआखाली, जिला – किशनगंज, जियारूल हक (22 वर्ष), पिता मो. आमिर, निवासी दोगिरजा वार्ड नंबर 06, थाना – दिघलबैंक, जिला – किशनगंज तथा मो. साजन (21 वर्ष), पिता सज्जाद आलम, निवासी रहमतपुर वार्ड नंबर 09, थाना – दिघलबैंक, जिला – किशनगंज शामिल हैं.
बरामद सामान में कांड में चोरी गई स्पेलेंडर मोटरसाइकिल (BR38AL4325), यमहा कंपनी की एक मोटरसाइकिल, हीरो कंपनी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल शामिल है.



