:- रवि शंकर अमित!
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत आमजन को उनके कार्यस्थल एवं घर-द्वार के समीप गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ बुधवार को किया गया। अभियान का वर्चुअल उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर बेगूसराय के कारगिल विजय सभा भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, डीवीडीसीओ, एनसीडीओ, डीपीएम नसीम रजी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अभियान के तहत बेगूसराय सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में गैर-संचारी रोगों की जांच के लिए एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर, अनुमंडल कार्यालय, विकास भवन, न्यायालय परिसर सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाई जा सके।
इन शिविरों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, फैटी लिवर, सामान्य कैंसर सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के दौरान किसी बीमारी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या की पहचान होने पर संबंधित लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
“जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान का प्रमुख उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, समुचित उपचार एवं नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से ऐसे लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो विभिन्न कारणों से नियमित रूप से स्वास्थ्य संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते हैं। समय पर स्वास्थ्य जांच के माध्यम से बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं की संभावना को कम किया जा सके।
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य जांच शिविरों से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविरों में आने वाले लोगों की समुचित जांच एवं आवश्यकतानुसार उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचकर गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान एवं उचित उपचार से अनेक गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं को रोका जा सकता है।
“जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के और अधिक निकट पहुंचाने तथा निरोग, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यह अभियान आम नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



