रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा के थरथरी थाना क्षेत्र के संतनबिगहा गांव में खेत के मोटर के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में 25 वर्षीय संजीव कुमार यादव की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं उसका भाई कविन्द्र यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कैंप कर रही है।बताया जा रहा है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे दो दिन पुरानी रंजिश और मंगलवार रात का तात्कालिक विवाद मुख्य वजह बना। मंगलवार की रात विवाद ने उस वक्त नया रूप ले लिया, जब संजीव कुमार के खेत में लगे मोटर का स्टार्टर टूटे होने की बात सामने आई। हिलसा डीएसपी रंजन कुमार के मुताबिक, स्टार्टर टूटने से आक्रोशित संजीव सड़क पर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। दूसरे पक्ष को लगा कि गालियां उन्हें दी जा रही हैं। इसी गलतफहमी और पुरानी रंजिश के बीच विवाद बढ़ गया।देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार करीब तीन से चार राउंड गोलियां चलीं। इसी क्रॉस फायरिंग में संजीव कुमार और उसके भाई कविन्द्र यादव को गोली लगी। संजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कविन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही थरथरी थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार और हिलसा डीएसपी रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद या तनाव न बढ़े। वहीं, इस वारदात के बाद मृतक के परिजनों में मातम और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिथुन कुमार, संवाददाता नालंदा




