जयनगर – मोबाइल झपट्टा मार गिरोह के 5 सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (एन एच)-27 एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर सफर करने वाले राहगीरों से मोबाइल झपटमारी कर फरार होने वाले एक सक्रिय गिरोह का फुलपरास पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए 10 एंड्रॉयड स्मार्टफोन तथा वारदात में प्रयुक्त तीन हाई-स्पीड मोटरसाइकिलें, जिनमें के टी एम बाइक भी शामिल है, बरामद की गई हैं। बताया गया है कि यह कार्रवाई झंझारपुर एसडीपीओ सह फुलपरास अनुमंडल के अतिरिक्त प्रभार में तैनात सुबोध कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भटवारी दुर्गा मंदिर के समीप कुछ अपराधी लूटे गए मोबाइल की डीलिंग के लिए जुटने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को दबोच लिया। आरोपितों से पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भटवारी गांव के दिपेश कुमार, कोंगड़िया टोल के प्रयंत कुमार, एकडारा के मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ मोहम्मद आशिक तथा बाढ़ाकुमार के मोहम्मद अमानुल्लाह उर्फ मुंशी के रूप में बताई गई है। इसके साथ ही कलापट्टी चौक पर मोबाइल दुकान संचालित करने वाले अमित कुमार उर्फ अभय रंजन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमित कुमार उर्फ अभय रंजन कथित रूप से गिरोह के द्वारा लूटे जाने वाले मोबाइल का मुख्य खरीदार था। झपटमारों द्वारा लूटे गए मोबाइल उसके पास पहुंचाए जाते थे। जिसे वे बेचने का काम मे सक्रिय था।

Join us on: