रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी, एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक से 50 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आसूचना के आधार पर सीमा चौकी बेतौन्हा और जयनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कमलाबाड़ी रोड, बेला बांध के पास दो संदिग्धों को रोका। तलाशी में उनके कब्जे से 50 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, 21,000 नेपाली मुद्रा एवं तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। साथ ही, एनडी डॉग स्क्वाड से मिली जांच के दौरान नशीले पदार्थ की पुष्टि होने के बाद सामान को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान विकास कुमार यादव, 19 वर्ष, अशोक कुमार यादव, 26 वर्ष, दोनों गांव उराही, बाबूबरही, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया है कि यह सामान फुलपरास, जिला मधुबनी के मोहम्मद अनवर से मिला था और गांव नरार, जिला मधुबनी के राजेश कुमार को सौंपना था। दोनों कूरियर के रूप में काम कर रहे थे। बरामद सामान के साथ गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयनगर थाना को सौंप दिया गया है।



