रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
जेसीबी से पुष्पवर्षा, युवाओं ने किए तीखे सवाल, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत
आरा में आयोजित हुआ युवा संवाद, जिला पदाधिकारियों संग बैठक
ऋषभ राज सिंह के स्वागत से गदगद दिखे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष
आरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह मंगलवार को आरा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां सर्वप्रथम शिवगंज में भाजपा के युवा नेता ऋषभ राज सिंह के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात वी मार्ट स्थित रेन इंटरनेशनल होटल के पास पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का दो जेसीबी से फूलों से स्वागत की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दो जेसीबी के माध्यम से उन पर पुष्पवर्षा की गई। फूलों की बारिश और कार्यकर्ताओं के उत्साह से माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आया। कार्यक्रम संयोजक ऋषभ राज सिंह की ओर से किए गए इस भव्य स्वागत से प्रदेश अध्यक्ष भी काफी गदगद दिखे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के स्वागत से शुरू हुआ कार्यक्रम युवाओं के सवालों और प्रदेश अध्यक्ष के जवाबों के बीच आगे बढ़ता रहा। कौशल विकास से लेकर आतंकवाद, नक्सलवाद, राजनीतिक मर्यादा और बिहार के विकास तक विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज, भाजपा युवा नेता सह कार्यक्रम संयोजक ऋषभ राज सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विभु जैन समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हुआ। युवा संवाद के दौरान युवाओं ने सीधे सवाल पूछे और प्रदेश अध्यक्ष ने उनका जवाब दिया। लक्ष्मी और सुप्रिया ने पिछले छह माह से कौशल युवा कार्यक्रम के बंद रहने का सवाल उठाया। युवाओं ने कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की स्थिति जाननी चाही। स्पोर्ट्स शिक्षक की बहाली, युवाओं को रोजगार, तकनीकी शिक्षा समेत टेक्निकल लोगों के रोजगार समेत अन्य मुद्दे आए। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने युवाओं के सभी सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास केंद्र बिहार के सभी जिलों में शीघ्र शुरू होगा। रोजगार की व्यवस्था पर सरकार कार्य कर रही है। अलग अलग विभागों में बहाली की प्रक्रिया भी चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कश्मीर में पत्थरबाजी और आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा कि परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं, उसी तरह आतंकवाद के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि आज देश में पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित माहौल है। सीजेपी के मुद्दे का जिक्र करते हुए उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक मर्यादा पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति किसी व्यक्ति के निधन के बाद भी उसके प्रति सम्मान की भावना रखने की सीख देती है। ऐसे में आंदोलन के दौरान दिवंगत लोगों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। बिहार के विकास पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर लगातार काम हुआ है। सड़कों का जाल बिछ रहा है और विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार में आज जो विकास दिखाई दे रहा है, उसमें एनडीए सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है। भोजपुर समेत शाहाबाद क्षेत्र में भी विकास की नई तस्वीर सामने आ रही है।
युवाओं की बात सुनना ही युवा संवाद का उद्देश्य : ऋषभ राज सिंह
भाजपा युवा नेता सह कार्यक्रम संयोजक ऋषभ राज सिंह ने कहा कि युवा संवाद के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक बेहतर मंच मिला है। उन्होंने कहा कि युवाओं के मन में कई सवाल होते हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात सीधे नेतृत्व के सामने रखने का अवसर हर जगह नहीं मिल पाता। इसी उद्देश्य से युवा संवाद का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की भी महत्वपूर्ण ताकत हैं। रोजगार, कौशल, शिक्षा, स्वरोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की राय सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवादों के माध्यम से संगठन और युवाओं के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा।
संगठन के कार्य, युवाओं के बीच पहुंच और आगामी कार्यक्रम पर चर्चा
युवा संवाद कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। संगठन के कार्य, युवाओं के बीच पहुंच और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक ऋषभ राज सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष समेत उपस्थित पदाधिकारियों और अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
ऋषभ राज सिंह की ओर से किए गए सम्मान और आत्मीय स्वागत से प्रदेश अध्यक्ष काफी प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विभु जैन, अमरेंद्र शक्रवार, अंकित तिवारी, आशु मेहता, सुल्तान, नीरज सिंह, नंदकुमार चौधरी, विष्णु मिश्रा, रिंकू सिंह, रोहित सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।




