पूर्व DRM रंजन कुमार ठाकुर सेवानिवृत्त, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के पूर्व मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री रंजन कुमार ठाकुर अपनी गौरवपूर्ण रेल सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्ति एवं विदाई समारोह में बड़ी संख्या में रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए और उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।

दानापुर मंडल में DRM के रूप में कार्यरत रहने के दौरान श्री ठाकुर के कार्यकाल में आरा सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिली। उनके कार्यकाल को रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है।

श्री रंजन कुमार ठाकुर को एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ सरल, सहज, संवेदनशील एवं जनसरोकार रखने वाले अधिकारी के रूप में भी जाना जाता रहा है। उनके पास अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों की बात वे गंभीरता से सुनते थे और यथासंभव उनके समाधान के लिए पहल करते थे। यही वजह रही कि अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ उन्होंने लोगों के बीच भी विशेष पहचान बनाई।

विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल और व्यवहार को याद करते हुए कहा कि श्री ठाकुर ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ किया। उनके व्यक्तित्व की सहजता और सहयोगात्मक रवैये के कारण रेलवे परिवार के साथ-साथ आम लोगों में भी उनके प्रति सम्मान रहा।

श्री रंजन कुमार ठाकुर ने अपने सेवाकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर तथा ONGC के दिल्ली मुख्यालय में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। विभिन्न संस्थानों एवं पदों पर रहते हुए उन्होंने अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि रेलवे सेवा के दौरान उन्होंने जनसेवा और मानव कल्याण की जो भावना कायम रखी, वह जीवन के इस नए अध्याय में भी निरंतर बनी रहेगी।

Join us on: