:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव में कथित रूप से जहरीली शराब से 4 की मौत मामले का पुलिस ने सफलता पूर्वक पर्दाफाश करते हुये 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, मामला प्रेम प्रसंग में शराब में जहर देकर चार युवकों की हत्या का निकला! इस सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड के केंद्र में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) बालक को निरुद्ध किया गया है।
शराब पिलाने से पहले मिलाया गया था जहर-ग्रामीण एसपी
मामले पर ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि बीते दिनों बाढ़ में चार व्यक्तियों की शराब पीने के बाद संदिग्ध स्थिति में तबीयत खराब हुई थी, जिनकी बाद में मौत हो गई। जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी लाली कुमार ने स्वीकार किया कि उसने चारों युवकों को शराब पीने के लिए आमंत्रित किया था और पिलाने से पहले शराब में जहर मिला दिया था। घटना की आधिकारिक पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूनों को एफएसएल (FSL) जांच के लिए भेजा गया है।
बहन से प्रेम प्रसंग और तानों से था नाराज था लाली
पुलिस ने दावा किया है कि अनुसंधान में सामने आया कि मृतक नीशू कुमार का प्रेम प्रसंग आरोपी लाली कुमार की बहन के साथ पिछले दो-ढाई वर्षों से चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद था। नीशू और उसके साथी अक्सर लाली को इस बात को लेकर चिढ़ाया करते थे। इसी प्रतिशोध और नाराजगी में लाली ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।घटना कि जाँच के लिये बाढ़ पुलिस द्वारा एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसमें कई थानों के थानाध्यक्ष और डीआईयू (DIU) की टीम शामिल थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी लाली कुमार, जहर की व्यवस्था में शामिल सब्जी विक्रेता रुदल कुमार को गिरफ्तार कर लिया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि पहले मुकदमा में गवाही देने कि बात को लेकर हत्या की बात सामने आ रही थी,लेकिन बाद में आरोपी ने प्रेम प्रसंग को लेकर इस तरह की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है!
Byte -कुंदन कुमार ग्रामीण एसपी पटना




