रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
अररिया . पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 817 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है . स्मैक की यह खेप हुंडई ग्रैंड आई10 निओस कार से जोकिहाट की ओर ले जाई जा रही थी . पुलिस ने मौके से कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है .
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुपौल के कुछ स्थानीय व्यक्ति कार संख्या JH-01EY-4518 से स्मैक की खेप लेकर जोकिहाट की ओर जाने वाले हैं . सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया . मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अजमतपुर खुशबु राइस मिल के पास एनएच-327ई की दक्षिणी लेन पर वाहन जांच शुरू की गई .
इसी दौरान जोकिहाट की ओर से आ रही सफेद रंग की हुंडई ग्रैंड आई10 निओस कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया . कार में सवार तीन लोग वाहन से उतरकर भागने लगे . पुलिस टीम ने पीछा कर कार के पास से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी भागने में सफल रहे . फरार दोनों आरोपियों की पहचान पुलिस ने कर ली है .
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. नौवेद खान (20 वर्ष), पिता नौमन खान, निवासी तरही भवानीपुर वार्ड नंबर-02, थाना पिपड़ा, जिला सुपौल के रूप में हुई है . मजिस्ट्रेट के समक्ष तलाशी के दौरान उसके पास से एक जिपर में 100 ग्राम स्मैक बरामद हुआ . वहीं कार के डैशबोर्ड से 717 ग्राम स्मैक बरामद की गई . इस तरह कुल 817 ग्राम स्मैक बरामद हुई .
पुलिस ने मामले में बैरगाछी थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 31 अगस्त 2026 दर्ज किया है . मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/21(C)/25/29 के तहत कार्रवाई की गई है . गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता तथा इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाया जा रहा है .
बरामदगी में 817 ग्राम स्मैक, हुंडई ग्रैंड आई10 निओस कार और एक मोबाइल फोन शामिल है . कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक ज्वाला प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मी और गृहरक्षक शामिल थे.




