रिपोर्ट – चंद्रशेखर!
बांका के फुल्लीडुमर प्रखंड मुख्यालय में जन्म प्रमाण पत्र बनाने के दबाव को लेकर BDO के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कार्यालय कक्ष में घुसकर मारपीट और गला दबाने का आरोप है। सोमवार को BDO अमित प्रताप सिंह अपने कार्यालय में सरकारी काम कर रहे थे। इसी दौरान तीन लोग जन्म प्रमाण पत्र बनाने का दबाव लेकर पहुंचे। आरोप है कि कहासुनी के बाद तीनों ने BDO के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया। पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल पर गला दबाने का आरोप लगाया गया है।
घटना में घायल BDO को फुल्लीडुमर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बांका सदर अस्पताल रेफर किया गया।पलिस ने BDO के आवेदन पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूर्व मुखिया पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के विरोध में समर्थकों ने फुल्लीडुमर-खेसर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।




