करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर (फेज-1) तथा मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड पथ का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्य बिंदु :-

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य एवं यातायात व्यवस्था का पैदल चलकर तथा वाहन के माध्यम से जायजा लिया। उन्होंने परियोजना से संबंधित सुविधाओं और आवागमन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर के माध्यम से करबिगहिया, मीठापुर एवं स्टेशन रोड पर यातायात का दबाव कम होगा। रेल यात्रियों और आम लोगों का आवागमन होगा सुगम।

मीठापुर-सिपारा मार्ग पर लोगों को जाम से राहत मिलेगी। रेल यात्रियों के लिए स्टेशन तक आवागमन होगा अधिक सुगम। मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन तक आवागमन होगा आसान।

पटना 28 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना में 249 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर (भाया नवनिर्मित करबिगहिया गोलम्बर, फेज-1) से जोड़नेवाले फ्लाईओवर, पहुंच पथ एवं सेवा पथ का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। यह फ्लाईओवर नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर के माध्यम से मीठापुर क्षेत्र को बेहतर एवं सुगम यातायात सुविधा से जोड़ेगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के अंतर्गत मीठापुर से सिपारा तक निर्मित 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पथांश का भी फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शुरू होने से पटना के इस महत्वपूर्ण यातायात मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा। मीठापुर-सिपारा मार्ग पर लगनेवाले जाम से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, करबिगहिया, मीठापुर एवं स्टेशन रोड पर यातायात का दबाव कम होने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। लोकार्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य एवं यातायात व्यवस्था का पैदल चलकर तथा वाहन के माध्यम से जायजा लिया। उन्होंने परियोजना से संबंधित सुविधाओं और आवागमन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर के शुरू होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी रास्ता अधिक सुगम होगा। मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान होगा। एलिवेटेड पथ के माध्यम से यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी और प्रमुख मार्गों पर वाहनों के दबाव को कम किया जा सकेगा। राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में ये दोनों परियोजनाएँ महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधायक श्री श्याम रजक, विधायक श्री अरूण मांझी, विधान पार्षद श्री नवल किशोर यादव, विधान पार्षद श्री रवीन्द्र प्रसाद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जीतेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी श्री श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र कुमार, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ जोरवाल सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Join us on: