चार दिनों में एक ही घर में दूसरी बार चोरी, चोरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर गांव में चोरों ने महज चार दिनों के अंदर एक ही घर को दूसरी बार निशाना बनाया है। लगातार दूसरी चोरी की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में आक्रोश के साथ-साथ दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार के सदस्य फिलहाल बाहर रहते हैं और घर की देखरेख एक स्थानीय परिवार द्वारा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर गांव के पछवाई टोल निवासी पवन कुमार झा के घर में इससे पहले 24 अगस्त की रात चोरी हुई थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी। इसके महज चार दिन बाद 28 अगस्त की सुबह जब घर की स्थिति देखी गई तो एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बार चोरों ने घर में रखे ट्रंक और अन्य सामान को निशाना बनाया। ताले को प्लास और लोहे की खंती जैसे औजारों की मदद से तोड़ा गया। घर में रखे सामान को खंगालने के बाद चोर सोने के टॉप्स, चांदी की पायल, पीतल व फुलहा महंगे बर्तन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घर में रखा पूजा-पाठ से संबंधित सामान भी चोरी किए जाने की बात सामने आई है। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पीड़ित परिवार के पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

बताया गया कि पवन कुमार झा पिछले करीब तीन महीने से मुंबई में रह रहे हैं। घर की देखरेख के लिए पहले से रखे गए पुलकित कामत के परिवार के लोग वहां रहते हैं। इन लोगों को भी सुरक्षा को लेकर अब चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक ही घर में चार दिनों के भीतर दो बार चोरी होना गंभीर मामला है। लोगों ने पुलिस से मामले की विशेष जांच कराने और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि 24 अगस्त की घटना के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद दोबारा उसी घर को निशाना बनाया जाना चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Join us on: