संवाददाता :- विकास कुमार
सहरसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरगढ़ा वार्ड नंबर-2 में भौंरे के काटने से 8 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मो. फिरोज के पुत्र मो. फरहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान जहरीले भौंरे ने उसके शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। भौंरे के काटने के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, चिकित्सकों की देखरेख में बच्चे को इंजेक्शन दिया गया, जिसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहीं, सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन के आरोप को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत भौंरे के काटने से हुई है और उसे कोई गलत इंजेक्शन नहीं दिया गया था।




