रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुपौल के तत्वावधान में शुक्रवार को सिविल कोर्ट, सुपौल परिसर में रक्षा बंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान न्यायालय की महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पारिवारिक न्यायालय, सुपौल के प्रधान न्यायाधीश राहुल उपाध्याय एवं प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राकेश कुमार समेत उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधी।
राखी बांधने के बाद सभी ने एक-दूसरे को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं न्यायालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। यह पर्व आपसी सम्मान, सहयोग, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देता है। न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आत्मीयता और आपसी सौहार्द को और मजबूत किया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवी और भावपूर्ण रहा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न्यायालय परिवार के बीच आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




