:- रवि शंकर अमित!
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
नेपाल की त्रासदी में भारत मजबूती से नेपाल के साथ : संजय सरावगी
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से की बात, भारत ने भेजी 10 टन राहत सामग्री: संजय सरावगी
बिहार में सरकार पूरी तरह अलर्ट, भाजपा का कार्यकर्ता राहत और बचाव के लिए पूरी तरह तैयार : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जताया भरोसा- ‘बिहार पूरी तरह सुरक्षित’
पटना, 27 अगस्त। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत अपने पड़ोसी और मित्र देश नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का संबंध नहीं है, बल्कि यह साझा संस्कृति, आत्मीयता, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित है।
संजय सरावगी ने कहा कि नेपाल में आई भीषण त्रासदी से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई लोगों के लापता होने की सूचना है। कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए भारतीय श्रद्धालुओं के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।
उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस कठिन समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। भारत ने त्वरित मानवीय सहायता के तहत नेपाल को 10 टन राहत सामग्री और आवश्यक दवाइयां भी भेजी हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल में पैदा हुई आपदा को देखते हुए बिहार सरकार भी पूरी तरह सतर्क हो गई थी। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ की सूचना के बाद बिहार में संभावित प्रभाव को देखते हुए आठ जिलों को अलर्ट पर रखा गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल बात की तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को सक्रिय किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं आज सीमावर्ती क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उपमुख्यमंत्री भी उनके साथ रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सौभाग्य की बात है कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ का पानी बिहार में उस रूप में नहीं बढ़ा और बिहार फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि सरकार अभी भी अलर्ट मोड में है और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने भी देर रात आठ जिलों के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं से वर्चुअल माध्यम से संपर्क कर उन्हें पूरी तरह सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
संजय सरावगी ने कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही बिहार सरकार की तत्परता सामने आई। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बात कर स्थिति की जानकारी ली। यह केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में भारत हर संभव सहयोग के लिए नेपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता मिलने की कामना की।




