रिपोर्ट – शाहिद रजा!
सीतामढ़ी: बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में कोचिंग से घर लौटने के बाद तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। तीनों के बेहोश होने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल और निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।मृतकों की पहचान घनश्याम सदा की 16 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी और रामएकबाल सदा की 15 वर्षीय पुत्री कोतरी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कोचिंग से लौटने के कुछ ही देर बाद तीनों छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं।बताया गया कि कोतरी कुमारी की निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, सपना कुमारी को बाजपट्टी पीएचसी से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। तीसरी छात्रा का निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है।बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक ने छात्राओं के किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। हालांकि, दोनों किशोरियों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद लिखित आवेदन के आधार पर शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद बाजितपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।



