रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!
शेखपुरा. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सम्मान के साथ फहराया गया, वहीं शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड स्थित चांदी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज को उलटा फहराए जाने का मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर में तिरंगा उलटा लहराता देखकर लोगों में नाराजगी देखी गई। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद विद्यालय की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है, ऐसे में उसके फहराने में हुई इस गंभीर लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय प्रबंधन को ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति और दिशा की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए थी। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।



