स्वतंत्रता दिवस पर अररिया में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां!

SHARE:

रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अररिया जिले में मुख्य समारोह का आयोजन नेताजी सुभाष स्टेडियम में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में किया गया। मुख्य समारोह में डाॅ. रामचन्द्र प्रसाद, प्रभारी मंत्री-सह- मंत्री पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार, पटना ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार, माननीय जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह गौरवपूर्ण दिवस हमें उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन सेवा, सम्मान और जनकल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार के दृढ़ निश्चय और आमजनों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

माननीय प्रभारी मंत्री ने अररिया में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि अररिया अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में जिले में 12 मॉडल स्कूल खोले गए हैं तथा पांच प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था की गई है। 173 सरकारी विद्यालयों में ICT लैब, 171 माध्यमिक एवं 107 प्रारंभिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास तथा 325 विद्यालयों में पोषण वाटिका स्थापित की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं में BHAVYA के माध्यम से ऑनलाइन डॉक्टर कंसल्टेंसी, पैथोलॉजी जांच और मुफ्त दवा की सुविधा दी जा रही है। जिला अस्पताल में 100 बेड का मॉडल अस्पताल, 42 बेड PICU, 50 बेड फील्ड अस्पताल और 100 बेड मातृ एवं शिशु अस्पताल कार्यरत हैं। 100 बेड के चाइल्ड केयर यूनिट का निर्माण जारी है तथा सदर अस्पताल में 4 बेड ICU चालू है।

“जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की समीक्षा विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। अबतक करीब 7 लाख लोगों की जांच की जा चुकी है। विगत एक वर्ष में करीब 65 हजार संस्थागत प्रसव कराया गया है। जिले में 8 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

पर्यावरण संरक्षण के तहत इस वर्ष 10 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग 4 लाख, जीविका दीदियां 2.70 लाख और कृषि वानिकी के माध्यम से 1.50 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। कुशियारगांव पार्क के सामने के वन क्षेत्र को जैव विविधता हेरिटेज वन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अल्पसंख्यक कल्याण के तहत आवासीय विद्यालय एवं छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत इंटर, मौलवी एवं फौकानिया में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। राज्य कोचिंग योजना, मुख्यमंत्री श्रमशक्ति योजना तथा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत भी कार्य जारी हैं। वर्ष 2026 में अब तक 17 परित्यक्ता/तलाकशुदा मुस्लिम महिलाओं को कुल 4.25 लाख रुपये DBT से दिए गए हैं।

कल्याण विभाग के तहत रामपुर, फारबिसगंज में 720 आसन का राजकीय अंबेडकर +2 आवासीय विद्यालय संचालित है। रानीगंज, नरपतगंज, भरगामा एवं सोहन्दरहाट-पलासी में चार छात्रावास संचालित हैं।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 4.98 लाख जीविका दीदियों को 10 हजार रुपये की पहली किस्त दी जा चुकी है।

सामाजिक सुरक्षा के तहत 3.35 लाख पेंशनधारियों को प्रतिमाह 1,100 रुपये DBT के माध्यम से पेंशन की राशि अंतरित की जा रही है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 161 तथा कबीर अंत्येष्टि योजना के 790 लाभुकों को लाभ दिया गया है।

जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 204 सोख्ता निर्माण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है तथा 259 के विरुद्ध 184 खेत पोखरों का निर्माण पूरा किया गया है। 5,06,400 पौधारोपण का लक्ष्य भी निर्धारित है, जिसके अनुरूप वृक्षारोपण किया जा रहा है।

पंचायती राज के तहत 211 पंचायतों के 2,887 वार्डों में 30,810 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं। 208 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति प्राप्त है।

VB-G RAM G योजना में जुलाई-सितंबर 2026 तक 1,15,916 मानव दिवस सृजित कर 10,181 लोगों को रोजगार दिया गया है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत “स्वच्छ गांव, समृद्ध गांव” की परिकल्पना पर कार्य जारी है।

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को 5,000 रुपये तथा कामकाजी महिलाओं के लिए समाहरणालय एवं पुलिस लाइन में पालना घर संचालित हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता अभियान चल रहा है।

जिला भू अर्जन के अंतर्गत इंडो-नेपाल सीमा समानांतर सड़क के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। एनएच-327ई बहादुरगंज-अररिया के चार-लेन सड़क का निर्माण तथा आरओबी का कार्य पूरा हो चुका है। भारत माला परियोजना अंतर्गत गोरखपुर-सिलीगुड़ी सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के लिए छह अंचलों में भू-अर्जन की कार्रवाई प्रारंभ है। अररिया-गलगलिया नई बड़ी रेल परियोजना के लिए 37 मौजों की 659.065 एकड़ भूमि रेलवे को सौंप दी गई है, जिसमें रेल का परिचालन प्रारंभ है। अररिया-सुपौल नई रेल लाइन के लिए 760.84 एकड़ भूमि सौंप दी गई है और निर्माण तेज गति से जारी है।

अररिया-कुर्साकांटा-कुआड़ी-सिकटी पथ के 34.5 किमी चौड़ीकरण का कार्य करीब 152 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम चरण में है, जबकि फारबिसगंज के सैफगंज से भरगामा तक सड़क का मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण 92.83 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम चरण में है। कुर्साकांटा के सुंदरनाथ धाम को 14 करोड़ रुपये की लागत से भव्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सहयोग पोर्टल पर प्राप्त 9,625 आवेदनों में से 8,588 का निष्पादन किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2,09,890 आवास, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के 1,567 तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के 457 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों एवं लाभार्थियों को माननीय प्रभारी मंत्री-सह-पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार डॉ. रामचन्द्र प्रसाद द्वारा सम्मानित किया गया।

समारोह में भामाशाह सम्मान योजना के तहत उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित किया गया। लक्ष्मण शर्मा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान किया गया। वहीं दिलीप साहा को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राजस्व विभाग के अभियान बसेरा-2 के तहत चयनित भूमिहीन लाभुकों को बासगीत पर्चा भी वितरित किया गया। माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा श्रीमती तारिया देवी, सचिन ऋषिदेव, शिवनारायण ऋषिदेव, पंदी ऋषिदेव एवं भारत ऋषिदेव को बासगीत पर्चा प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अररिया सदर अस्पताल को NQAS (National Quality Assurance Standards) प्रमाणन प्राप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. राजेंद्र कुमार, उपाधीक्षक, जिला अस्पताल, अररिया एवं विकास आनंद, हॉस्पिटल मैनेजर को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। उनके प्रयासों से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मानकों को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान रहा।

शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले का गौरव बढ़ाने वाली छात्रा को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली बी. बी. असराना, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भगवानपुर, जोकीहाट को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

वहीं पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, बेहतर कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए नवदीप गुप्ता, थानाध्यक्ष बैरगाछी, अंकुर कुमार, थानाध्यक्ष अररिया आरएस, उज्जवल कुमार सिंह, डीआईयू शाखा तथा शुभम सिंह, डीआईयू शाखा को सम्मानित किया गया।

मुशहरी टोला गैयारी में माननीय प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में लिया हिस्सा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अररिया जिला अंतर्गत मुशहरी टोला, गैयारी में सुरेंद्र ऋषिदेव द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर डाॅ. रामचन्द्र प्रसाद, माननीय प्रभारी मंत्री-सह-पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार, पटना समारोह में शामिल हुए। इस दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

समारोह में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश के प्रति अपने सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।

Join us on: