नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा। जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के नारदीडीह गांव में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध अवस्था में उसके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान स्व. मुनि मिस्त्री की करीब 60 वर्षीय पत्नी कुमारिया देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने घर में लूटपाट के बाद महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, कुमारिया देवी के पति का निधन हो चुका है। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक विदेश में रहता है। वहीं, उनकी बहू करीब 10 दिन पहले दिल्ली गई हुई थी। इसी दौरान महिला घर में अकेली थी। शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने घर में महिला का शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी गई।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली महिला को देखकर प्रवेश किया और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर तोड़कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और हत्या के तरीके का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
सूचना मिलने के बाद नारदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-82 किया जाम
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नारदीगंज मुख्य मार्ग NH-82 को जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनिया ढंढनीय मौके पर पहुंचीं और परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
FSL और टेक्निकल टीम कर रही जांच
नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए FSL टीम और टेक्निकल सेल को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा घर से चोरी गए सामान की भी जानकारी जुटाई जा रही है।




