रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर राष्ट्रीय भक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। समारोह में जिलाधिकारी, मधुबनी एसएसपी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस जवानों ने अनुशासित ढंग से परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। जवानों के कदमताल और परेड के दौरान दिखा अनुशासन जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आजादी के बाद देश ने विकास के क्षेत्र में लगातार प्रगति की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रभारी मंत्री ने बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की ओर से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के विकास में आम लोगों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयास से ही विकास की गति को और तेज किया जा सकता है। समारोह के अंत में स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। वही जिले के मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन सहित व्यवहार न्यायालय, डी एम कार्यालय, एस डी ओ कार्यालय, नगर थाना, सभी राजनीतिक पार्टियों के कार्यालय, सभी सरकारी एवं गयर सरकारी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, पुलिस थाना, यातायात थाना, अनुमंडल कार्यालयों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, नगर निगम एवं नगर पंचायतो, ग्राम कचहरी, पंचायत भवन सहित सहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों मे पूरे उत्साह के साथ तिरंगा फहराया गया।



