दरभंगा संवाददाता: लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा। बिहार सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय से लहेरियासराय टावर तक भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विभूति कुमार आनंद के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में प्रखंड क्षेत्र की सभी 23 पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, आशा कार्यकर्ता, पुलिसकर्मी, जीविका दीदियां, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लोगों के हाथों में तिरंगा झंडा, सिर पर राष्ट्रध्वज तथा गले में तिरंगे के रंगों वाली पट्टियां दिखाई दे रही थीं। यात्रा में शामिल लोगों के उत्साह और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक तिरंगे भी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
तिरंगा पदयात्रा बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुई। यहां से यात्रा बहादुरपुर चट्टी रोड होते हुए लहेरियासराय टावर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने से पदयात्रा का स्वरूप भव्य हो गया।
लहेरियासराय टावर पहुंचने के बाद महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पदयात्रा पुनः चट्टी चौक होते हुए बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय के लिए रवाना हुई, जहां पहुंचकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व एमएलसी हरि साहनी ने भी शिरकत की। उन्होंने पदयात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस दौरान पूरा मार्ग तिरंगे झंडों और देशभक्ति के नारों से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर बीडीओ विभूति कुमार आनंद ने तिरंगा पदयात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के सभी लोगों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अधिक से अधिक संख्या में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।
बीडीओ ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लोगों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
मौके पर बहादुरपुर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार, शिक्षक राजेश साहनी, मनोज कुमार राम, शंभू राम, आवास सहायक अभिनव मुस्कान सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक भी पदयात्रा में शामिल हुए।



