रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे चाचा समेत चार लोगों पर भतीजे ने चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना में संजय गुप्ता, सतेंद्र प्रसाद गुप्ता,b उपेंद्र कुमार और अजय साव घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
घायल संजय गुप्ता के अनुसार, परिवार में पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। परिवार के लोग आपसी बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। उनका आरोप है कि विवाद को खत्म कराने के लिए कई बार बातचीत की पहल की गई, लेकिन भतीजा विक्की कुमार हर बार समझौते के लिए समय और स्थान बदल देता था।
बुधवार को परिवार के सदस्य मोहनपुर से दरियापुर गांव पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर बातचीत शुरू हुई। बताया गया कि बातचीत के दौरान ही मामला अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि विक्की कुमार ने चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चार लोग घायल हो गए।
हमले के बाद मौके पर मौजूद परिजनों ने किसी तरह घायलों को वहां से बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित विक्की कुमार को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के आधार पर होगी कार्रवाई
शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान चाचा समेत अन्य लोगों पर चाकू से हमला करने के आरोप में विक्की कुमार को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। घटना के कारणों और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और बातचीत के दौरान अचानक चाकूबाजी की स्थिति कैसे बनी। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट अभिषेक कुमार
ग़या




