13 अगस्त को आरा में लगेगी विशाल छात्र-युवा संसद, शाहाबाद से जुटेंगे हजारों छात्र-नौजवान!

SHARE:

रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय!

आरा। बिहार में शिक्षा और रोजगार के सवाल को लेकर 13 अगस्त को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परिसर, कतिरा, आरा में छात्र-युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने अभियान तेज कर दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव बैठकें, विभिन्न कॉलेजों व छात्रावासों में संपर्क तथा प्रतियोगी छात्रों के बीच क्विज और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

आइसा और आरवाईए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला सचिव जयशंकर प्रसाद और निरंजन केसरी ने बताया कि छात्र-युवा संसद में आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष व डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा, आरवाईए के राज्य सचिव व अगियांव के पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन, जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष व आइसा के राज्य अध्यक्ष धनंजय कुमार तथा आइसा के राज्य नेता दीपंकर मिश्र समेत कई नेता शामिल होंगे।

नेताओं ने कहा कि बिहार के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी तथा युवाओं के लिए रोजगार के सवाल को लेकर छात्र-युवा संसद अभियान चलाया जा रहा है। परीक्षा व्यवस्था में कथित धांधली, पेपर लीक, एनटीए की कार्यप्रणाली और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भ्रष्ट परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को शिक्षा के निजीकरण और बाजारीकरण, TRE-4 की बहाली, फीस वृद्धि, सरकारी विद्यालयों की बदहाली, 7.5 CGPA की अनिवार्यता, महाविद्यालयों की स्वायत्तता तथा सम्मानजनक रोजगार जैसे मुद्दों से जोड़कर आंदोलन को व्यापक बनाया जाएगा।

आइसा और आरवाईए नेताओं ने छात्र-युवाओं से शिक्षा, परीक्षा और रोजगार के सवाल पर अपनी आवाज बुलंद करने तथा शिक्षा और भविष्य बचाने की लड़ाई को मजबूत करने के लिए 13 अगस्त को छात्र-युवा संसद में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

Join us on: