सरकार का बड़ा ऐलान,बिहार में जल्द भरे जाएंगे लाइब्रेरियन और असिस्टेंट लाइब्रेरियन के खाली पद!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पटना: बिहार में पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। ऑल बिहार ट्रेड लाइब्रेरियन वेलफेयर फाउंडेशन (एसोसिएशन) और बिहार लाइब्रेरी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पटना स्थित बिहार विधान परिषद सभागार में एकदिवसीय राष्ट्रीय लाइब्रेरी सम्मेलन, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने किया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग, बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ और बिहार विधान परिषद के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन में प्रदेश भर के पुस्तकालयाध्यक्षों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने लाइब्रेरी सेवाओं को आधुनिक बनाने, डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने और पुस्तकालय कर्मियों की सेवा शर्तों में सुधार पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक पुस्तकालयों में लाइब्रेरियन और असिस्टेंट लाइब्रेरियन के लंबे समय से खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरा जाए। इस पर मौजूद मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

समारोह में नई पुस्तकों का विमोचन भी किया गया और शिक्षा व पुस्तकालय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

आयोजकों का कहना है कि इस तरह के सम्मेलन से बिहार में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को पढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।

Join us on: