रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
गंदे वीडियो के विवाद के बाद विवाहिता की मौत, बेटे के बयान से मचा हड़कंप
दो बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, बेटे ने मां की हत्या का खोला कथित राज
पहले वीडियो का विवाद, फिर विवाहिता की मौत, बेटे के बयान ने खड़े किए कई सवाल
नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के गोबडीहा गांव में मंगलवार को 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। महिला का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार की देर रात बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान गोबडीहा निवासी पिंटू सिंह की पत्नी प्रीति कुमारी उर्फ काजल कुमारी के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी और करीब सात वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। मायके वाले नारदीगंज थाना क्षेत्र के जनपुरा गांव के रहने वाले हैं। महिला अपने सास-ससुर के साथ गोबडीहा में रहती थी, जबकि उसका पति चेन्नई में एक निजी कंपनी में काम करता है।
मृतका के पुत्र चिंटू कुमार ने आरोप लगाया कि एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर विवाद हुआ था। बेटे के मुताबिक विवाद के बाद उसकी मां के साथ मारपीट की गई और उसने परिवार के लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, मायके पक्ष ने भी हत्या की आशंका जताई है। मृतका की मां ने शादी के दौरान दिए गए मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान का मुद्दा उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
सिलाव के प्रभारी थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाहिता की मौत आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
बाइट:-किट्टू कुमार, प्रत्यक्षदर्शी मृतिका का पुत्र
बाइट:- अभिमन्यु सिंह मृतिका का भाई



