कोशी एक्सप्रेस के AC बोगी में लगी आग, धुआं उठते ही यात्रियों में मची अफरातफरी, पाया गया काबू!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

खबर सहरसा से है, जहां सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह कोशी एक्सप्रेस के AC कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। पूर्णिया कोर्ट से हटिया जा रही ट्रेन जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची, उसी दौरान AC M2 कोच के नीचे से अचानक धुआं उठने लगा।
कोच के नीचे धुआं निकलता देख गेटमैन ने तत्काल इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। स्टेशन मास्टर, आरपीएफ और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल आग पर काबू पाया।एहतियात के तौर पर प्रभावित AC कोच में सवार यात्रियों को सुरक्षित दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। घटना के कारण कुछ देर तक स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।प्रारंभिक तौर पर ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रेलवे की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
गौर करने वाली बात यह है कि सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ ही दिनों के भीतर ट्रेन में आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले तीन अगस्त को स्टेशन पर खड़ी समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में भी आग लग गई थी।फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति पर काबू पाने के बाद कोशी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

Join us on: