राजधानी में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोली मार बाइक सवार फरार, वारदात सीसीटीवी के कैद!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक बार फिर राजधानी की कानून व्यवस्था को चुनौती दे दी। तीन की संख्या में आए अपराधी अपाची बाइक पर सवार होकर इलाके में पहुंचे और शुभम यादव नाम के युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चश्रला दीं। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई है जिसमें बाइक सवार तीनों युवक आते दिखाई दे रहे हैं और फायरिंग के बाद तेजी से भागते हुए भी नजर आ रहे हैं।

घटना रात के करीब 11 बजे के आसपास हुई। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि शुभम सड़क पर लहूलुहान पड़ा है। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने उसे उठाकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम शुभम का इलाज कर रही है। उसकी हालत को लेकर अभी डॉक्टरों ने पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं की है लेकिन परिजन लगातार अस्पताल में मौजूद हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और सबूत जुटाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। आसपास के दुकानों और घरों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि बाइक का नंबर और आरोपियों के चेहरे साफ हो सकें। इलाके में दहशत का माहौल है जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

इस वारदात से ठीक पहले पटना एसएसपी कर्तिकेय शर्मा जिले के सभी अनुमंडल पुलिस अधिकारियों और सभी थानों के थानेदारों के साथ क्राइम मीटिंग कर रहे थे। मीटिंग में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने को लेकर कई निर्देश दिए गए थे। लेकिन मीटिंग खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही भूपतिपुर में हुई इस घटना ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल तीनों अपराधी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण से इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। हर पहलू से जांच की जा रही है। शुभम के परिवार और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद भूपतिपुर और आसपास के इलाकों में लोगों में डर का माहौल है और लोग रात में घर से निकलने से पहले दस बार सोच रहे हैं।

Join us on: