भाजपा की जिला बैठक में कार्यक्रमों की समीक्षा, 10 से 14 अगस्त तक निकलेगी तिरंगा यात्रा!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा। भारतीय जनता पार्टी भोजपुर जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक सोमवार को बीस सूत्री कार्यालय, कृषि भवन में जिलाध्यक्ष दुर्गा राज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी द्वारा पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उनके सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 से 14 अगस्त तक भोजपुर जिले के सभी मंडलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। तिरंगा यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक, नेता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग देशभक्ति की भावना के साथ शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष दुर्गा राज ने बताया कि 14 अगस्त को भाजपा भोजपुर जिला इकाई की ओर से जेपी स्मारक से वार मेमोरियल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री, विधायक, जिला पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोग तथा बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय भावना से जुड़ा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें वक्ताओं द्वारा देश के विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों, उसके प्रभाव और उसके बाद भारत की विकास एवं विजय गाथा पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा जिला मीडिया प्रमुख संजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाध्यक्ष की ओर से प्रभारियों एवं टीम का गठन कर दिया गया है। इसके अलावा संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत उनकी मातृभूमि से लाई गई मिट्टी के कलश को 18 अगस्त को सभी मंडलों में सुपुर्द किया जाएगा। इस दौरान मंडलों में कलश का पूजन किया जाएगा तथा दर्शनार्थ कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।

बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीडी शर्मा, ई. धीरेन्द्र सिंह, सूर्यकांत पांडेय, ज्योति प्रकाश कुशवाहा, राजकुमार कुशवाहा, संतोष चंद्रवंशी, ममता सिंह, मधु मिश्रा, रंजना श्रीवास्तव, संजय कुमार सिंह, सुनील श्रीवास्तव, विभु जैन, विद्यासागर पांडेय, मनीष रौशन, प्रतीक कुमार, पोखराज पासवान सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join us on: