लाखों के चावल-धान चोरी, 157 टन चावल और करीब 60 टन धान गायब करने का आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- करजाईन थाना क्षेत्र में एक वेयरहाउस से बड़ी मात्रा में चावल और धान चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर वेयरहाउस के प्रभारी की ओर से करजाईन थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है। आवेदन में करीब 157 मैट्रिक टन चावल और लगभग 60 मीट्रिक टन धान चोरी होने की बात कही गई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, चार अगस्त को सुबह वेयरहाउस के सुपरवाइजर के पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला। सुपरवाइजर ने देखा कि वेयरहाउस के शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर चावल एवं धान के स्टॉक में भारी कमी पाई गई। इसके बाद घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई।
आवेदन में बताया गया है कि 28 जुलाई 2026 को पैक्स अध्यक्ष द्वारा कैंपस के मुख्य गेट में ताला लगाया गया था। घटना के बाद भी मुख्य गेट का ताला बंद पाया गया। ऐसे में शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि चोरों ने किसी अन्य तरीके से वेयरहाउस में प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया होगा।
बताया गया है कि उक्त परिसर में चावल एवं धान का स्टॉक रखा गया था। आवेदन के अनुसार, वेयरहाउस में करीब 158 मीट्रिक टन चावल तथा बड़ी मात्रा में धान का स्टॉक मौजूद था। जांच के दौरान स्टॉक में कमी मिलने के बाद चोरी की आशंका जताई गई है।
वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आवेदन में बताया गया है कि रात के समय KM Security Agency का गार्ड तैनात रहता था। वहीं, कंपनी की ओर से सुपरवाइजर भी कार्यरत था। शिकायतकर्ता ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों से भी पूछताछ कर पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।
घटना के संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि वीरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी दिए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी गए अनाज का पता लगाने तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वेयरहाउस से वास्तविक रूप से कितनी मात्रा में चावल और धान की चोरी हुई है तथा घटना को किस तरीके से अंजाम दिया गया। मामले में वेयरहाउस कर्मियों, सुरक्षा गार्ड और संबंधित लोगों से पूछताछ की संभावना है।

Join us on: