महज 12 घंटे में अपहरण व दुष्कर्म कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- प्रमोद सीवान


सीवान में युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे में कांड का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में वीएम हाई स्कूल के पास से अपहरण की कहानी भ्रामक पाई गई है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
घटना की सूचना डायल-112 को करीब छह घंटे बाद मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूरन कुमार झा ने चार पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की।

जांच में सामने आया कि युवती का बलेथा निवासी अभिषेक वर्णवाल से पिछले वर्ष दिसंबर से संपर्क था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन अभिषेक अपने एक साथी के साथ दोनों युवतियों को लेकर शहर के एक होटल में गया था। होटल के कमरे से पुलिस ने महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों युवकों ने युवतियों को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए। पुलिस जांच में अपहरण की कहानी की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


फिलहाल दोनों आरोपित युवक पुलिस की गिरफ्त में हैं। होटल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: