गढ़ बरुआरी स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर सांसद के प्रयास की सराहना!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिला परिषद क्षेत्र संख्या-8 के सदस्य कुमार रजनीश सिंह ने सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत द्वारा ट्रेन संख्या 15565/15566 वैशाली एक्सप्रेस के गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर दो मिनट के ठहराव की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मांग पत्र सौंपे जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका हृदय से आभार जताया है।
कुमार रजनीश सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से वैशाली एक्सप्रेस के गढ़ बरुआरी स्टेशन पर ठहराव के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में बरुआरी हाई स्कूल में आयोजित पेंशनर समाज की बैठक के दौरान उन्होंने और पेंशनर समाज के सदस्यों ने सांसद दिलेश्वर कामैत से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की थी।
उन्होंने आगे बताया कि हाल ही में जदयू नेता सुरेश्वर प्रसाद सिंह एवं गुंजन कुमार सिंह के साथ सांसद के आवास पर जाकर भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय सांसद ने आश्वासन दिया था कि संसद के मानसून सत्र के दौरान रेल मंत्री से मिलकर इस मांग को पूरा कराने का प्रयास करेंगे।
जिप सदस्य ने कहा कि सांसद द्वारा इस दिशा में पहल किए जाने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी ओर से तथा जिला परिषद क्षेत्र संख्या-8 की जनता की ओर से सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही वैशाली एक्सप्रेस का गढ़ बरुआरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Join us on: