पटना – बीजेपी का चरित्र अपराधियों को सम्मान देना – सांसद पप्पू यादव का सनसनीखेज आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को पटना स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में जवाबदेही खत्म हो गई है और सत्ता में बैठे लोग सवालों का सामना करने के बजाय सदन से भाग रहे हैं।

“बीजेपी का चरित्र है अपराधियों को सम्मान देना”
पप्पू यादव ने अपने ऊपर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होना चाहिए था, उसी का उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार द्वारा स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह की पुलिस की मौजूदगी में एक सांसद पर हमला करने वाले लोगों को आज सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने कहा, “बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा अपराधियों को सम्मान देना है। तभी कभी बलात्कारियों के रिहा होने पर स्वागत होता है और कभी हत्यारों के लिए जश्न मनाया जाता है।”

संसद गतिरोध और जंतर मंतर पर लाठीचार्ज का मुद्दा
संसद के 15 दिनों से नहीं चलने पर उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के सवालों से बचना चाहती है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से सदन में आकर जवाब मांगा।
जंतर मंतर पर हुए जेन जी आंदोलन का उल्लेख करते हुए पप्पू यादव ने पूछा कि आंदोलन कर रहे बच्चों पर अत्याचार क्यों हुआ। उनका आरोप था कि पुलिस के साथ सादे लिबास में आए कुछ लोग छात्रों को पीट रहे थे, लेकिन अब तक न एफआईआर हुई है न गिरफ्तारी।
उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलन कर रही बेटियों को चिह्नित कर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े लोगों द्वारा धमकियां दिलवाई जा रही हैं। आंदोलनरत नेहा वोरा का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि सवाल उठाने पर उन पर स्याही फेंकी गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
“जब सरकार बेटियों के हक और महिला आरक्षण की बात करती है तो फिर उन्हीं बेटियों पर लाठियां और धमकियां क्यों चलवाई जा रही हैं,” उन्होंने सवाल किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही सोनिया गांधी के नेतृत्व में पास हो चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर बेटियों को अधिकार नहीं मिल रहा।

राम मंदिर ट्रस्ट पर चढ़ावा चोरी का आरोप
राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चढ़ावा चोरी के आरोपों पर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। पप्पू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री अयोध्या और राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर श्रेय लेते हैं तो उन्हें सदन में आकर बताना चाहिए कि चंदा चोरी कैसे हुई और रकम वापस लाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
इस मामले में उन्होंने चम्पत राय, गोविंद गिरी और नृपेन्द्र मिश्रा का नाम लेते हुए पूछा कि इन पर कार्रवाई कब होगी। उनका आरोप था कि शंकराचार्य की जगह ट्रस्ट में इन लोगों को स्थान देकर तीन हजार करोड़ की हेराफेरी की गई और जमीनें लिखवाई गईं।

NEET पेपर लीक पर आर्थिक मदद की घोषणा
NEET पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के लिए पप्पू यादव ने आर्थिक सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की वजह से आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही जो छात्र इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं और घायल हुए हैं उन्हें 25-25 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और जब छात्र सड़क पर उतरते हैं तो उन्हें दमन का सामना करना पड़ता है।

बिहार की राजनीति और EO हत्या पर सवाल
बिहार के राजनीतिक हालात पर उन्होंने कहा कि देश में इतनी बड़ी घटनाएं हुईं लेकिन बिहार का विपक्ष संसद में नदारद रहा। उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यहां विपक्ष का चाल चरित्र क्या है इसका खुलासा उनके ही दल के नेता भाई बीरेन्द्र ने कर दिया है।
ईओ विमल कुमार की हत्या के मामले में उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने पूछा कि बिहार पुलिस हर मामले में खुद जज क्यों बन जाती है। ड्राइवर को तुरंत दोषी ठहरा दिया गया, लेकिन क्या अकेला ड्राइवर किसी की हत्या कर सकता है। इसके पीछे और लोग भी हो सकते हैं, इसकी जांच क्यों नहीं हो रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पर दबाव बनाकर उनसे सरकार की भाषा बुलवाई जा रही है।

अंत में पप्पू यादव ने कहा कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

Join us on:

और पढ़ें