ड्रेस सिलवाने जा रही छात्रा अंकिता को अनियंत्रित ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत।

SHARE:


रिपोर्ट: सोनू सिंह ।

नवादा: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। यह घटना नवादा शहर के आईटीआई के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतका की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परमा पंचायत के काजीबीघा गांव निवासी संजीव कुमार सिंह की 20 वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने परिवार की बड़ी बेटी थी। परिवार में कुल तीन संतान हैं—दो बेटियां और एक बेटा। अंकिता की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बताया जा रहा है कि अंकिता नवादा के त्रिवेणी बीएड कॉलेज की होनहार छात्रा थी। वह नवादा शहर के आईटीआई के पास स्थित अपने पैतृक मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। घटना के दिन वह अपने ममेरे भाई के साथ बाइक से स्कूल का ड्रेस सिलवाने जा रही थी।

इसी दौरान ट्रक (नंबर BR 27G0198) ने रॉन्ग साइड से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और संबंधित चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ट्रक पहले भी कई बार लापरवाही से वाहन चलाते देखा गया है।

वहीं, त्रिवेणी बीएड कॉलेज के संचालक और नवादा विधानसभा से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि अंकिता एक बेहद होनहार और अनुशासित छात्रा थी। उसकी इस तरह की दर्दनाक मौत से कॉलेज परिवार में भी शोक की लहर है।

घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Join us on:

और पढ़ें