रिपोर्ट – पियूष कुमार!
कैमूर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्गावती थाना क्षेत्र के मधुरा गांव स्थित एक गोदाम से 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
शुक्रवार को दुर्गावती थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनियां के प्रभारी डीएसपी दयानंदन कुमार ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को शाम करीब चार बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मधुरा गांव में अशोक सिंह के गोदाम में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। दंडाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी दुर्गावती अभिषेक कुमार की मौजूदगी में गोदाम की घेराबंदी कर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान गोदाम से 28 बंडलों में रखा कुल 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से अशोक सिंह (पिता- स्व. फौजदार सिंह), निवासी मधुरा, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध दुर्गावती थाना कांड संख्या 325/26 दर्ज किया गया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



