रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
गया। गया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर थाना क्षेत्र से नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से विदेशों में रहने वाले लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।
मामले की जानकारी देते हुए गया के एसएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर थाना क्षेत्र के वाइट हाउस रोड नंबर-6 स्थित मोती मानी अपार्टमेंट में साइबर ठगी से जुड़ा गिरोह सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस दौरान मौके से नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, 22 एटीएम कार्ड समेत कई अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट और कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
आरोपियों पर विशेष रूप से अमेरिका में रहने वाले लोगों को निशाना बनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य खुद को Flipkart और Amazon के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि के रूप में पेश करते थे। इसके बाद तकनीकी सहायता, ऑर्डर कैंसिलेशन या रिफंड के नाम पर पीड़ितों से संपर्क कर उन्हें ठगी का शिकार बनाया जाता था।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और एटीएम कार्ड की जांच कर रही है। डिजिटल उपकरणों से गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और विदेशों में की गई कथित साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ठगी की वास्तविक रकम और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका का पता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
गया पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
बाईट – सुशील कुमार एसएसपी गया
रिपोर्ट अभिषेक कुमार
गया



