रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
-मधुबनी जिसे से लगने वाली भारत- नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे सतत सुरक्षा तथा नाके-तस्करी रोधी अभियानों के तहत् एसएसबी जयनगर की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। ‘डी’ समवाय, गंगौर की विशेष गश्ती टीम ने आज प्रातः लगभग 06:29 बजे थाना साहरघाट क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 291/07 से लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में गश्त के दौरान 225 लीटर नेपाल निर्मित शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गश्ती दल को मिली विश्वसनीय सूचना और नियमित निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपी के कब्जे से कुल 750 बोतल नेपाल निर्मित शराब, प्रत्येक 300 मिलीलीटर, कुल मात्रा लगभग 225 लीटर बरामद हुई । टीम ने बरामद शराब को मौके पर नियमानुसार जब्त कर लिया तथा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रारम्भ की गई।
प्रारंभिक जाँच में यह स्पष्ट हुआ है कि उक्त नेपाल निर्मित शराब भारत- नेपाल सीमा से अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही थी। मामले की गहनता और तस्करी नेटवर्क के अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए विस्तृत जाँच एवं छानबीन जारी है। पकड़े गए तस्कर को आवश्यक वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत आगे की कार्यवाही हेतु साहरघाट थाना को सौंपा गया है। 48 वीं वाहिनी द्वारा बताया गया है कि सीमा सुरक्षा बल नियमित गश्ती, सूचना नेटवर्क और समुदाय- आधारित निगरानी के माध्यम से तस्करी और अवैध व्यापार को रोकने में सतत सक्रिय है। इस गिरफ्तारी और बरामदगी से सीमा सुरक्षा तथा स्थानीय सुरक्षा स्थिति को मजबूती मिलेगी और इस प्रकार के अवैध क्रियाकलापों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।




