रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एस एस बी के जवानों ने 31 किलो 4 सौ ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से नेपाली पासपोर्ट एवं एक हिरण का सींग भी बरामद हुआ
सुपौल :- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर की सीमा चौकी सतना द्वारा नियमित एनसीपी ड्यूटी के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए 31 किलो 4 सौ ग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट तथा एक हिरण का सींग बरामद किया गया। इस कार्रवाई के दौरान एस एस बी के जवानों ने एक संदिग्ध तस्कर को भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नीलेश कुमार, निवासी मंडल टोला, वीरपुर, जिला सुपौल (बिहार) के रूप में हुई है।
नियमित एनसीपी ड्यूटी के दौरान एसएसबी के जवानों द्वारा संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त बरामदगी एवं गिरफ्तारी की गई। इसके उपरांत मंडल टोला क्षेत्र में अतिरिक्त बल, नारकोटिक डॉग स्क्वाड तथा ड्रोन की सहायता से सघन तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं संभावित रूप से छिपाए गए मादक पदार्थों का पता लगाया जा सके।

आवश्यक विधिक एवं जब्ती संबंधी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत बरामद 31किलो 4 सौ ग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट, हिरण का सींग तथा गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु थाना वीरपुर, जिला सुपौल (बिहार) को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक कृपाल सिंह के साथ अन्य कार्मिकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
इस मामले की जानकारी साझा करते हुए गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर ने बताया कि 45वीं वाहिनी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु पूर्ण सतर्कता, प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेगी।




