ब्यूरो रिपोर्ट :-
कैमूर जिले के विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में मंगलवार को हेलीकॉप्टर टूरिज्म की औपचारिक शुरुआत हो गई। पहली बार हेलीकॉप्टर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां मुंडेश्वरी के दर्शन किए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद कैमूर दौरे पर आए सम्राट चौधरी ने जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। उन्हीं योजनाओं में मां मुंडेश्वरी धाम के लिए हेलीकॉप्टर टूरिज्म सेवा भी शामिल थी, जिसकी आज पहली सफल उड़ान संपन्न हुई।
अब श्रद्धालु पटना से लगभग ₹6000 के किराए पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे। इस सेवा की बुकिंग पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है।
इस मौके पर पटना से पहुंचे आईएएस टीम के सदस्य मीहिर कुमार ने बताया कि सरकार का उद्देश्य मां मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन के विकास के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही मंदिर परिसर में बिखरे प्राचीन अवशेषों को पुरातत्व विभाग के नियमों के अनुरूप संरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में मां मुंडेश्वरी धाम को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।




