रिपोर्ट :- संतोष चौहान
डीएम-एसपी ने सुखपुर गांव स्थित तिल्हेश्वर महादेव मंदिर में श्रावणी मेले का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए दिए निर्देश
सुपौल :- श्रावण मास की पहली सोमवारी के मद्देनजर रविवार को सुपौल सदर प्रखंड क्षेत्र स्थित सुपौल के प्रसिद्ध तिलेश्वर महादेव मंदिर में लगने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं का स्थल पर जाकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ संचालित की जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अवसर मिल सके।




