शिवभक्तों ने निकाली महादेव भोलेनाथ की पालकी यात्रा,हजारों श्रद्धालु हुये शामिल!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

सावन माह में बाबा की भक्ति का माहौल और गहरा हो गया। महाकाल सेवा दल के तत्वावधान में सिकंदरपुर सीढ़ी घाट से भव्य शाही पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों के साथ शामिल हुए
शाही पालकी यात्रा के मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल भी शामिल हुए, मंत्री ने कहा कि इस तरह की धार्मिक यात्राएं समाज में आस्था और एकता का संदेश देती हैं।

यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण उज्जैन से लाई गई भगवान चंद्रमौलेश्वर स्वरूप महाकाल की भव्य प्रतिमा रही फूलों से सजी पालकी में विराजमान महाकाल की प्रतिमा को देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बाबा का स्वागत किया।
शाही पालकी यात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां लोगों के लिए मुख्य आकर्षण बनीं। शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और अन्य देवताओं की झांकियों के साथ-साथ बैलगाड़ी की पारंपरिक झांकी भी यात्रा में शामिल थी। डीजे की धुन पर शिवभक्त जमकर झूमे।

पूरे मार्ग में सेवा दल के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
यात्रा सिकंदरपुर सीढ़ी घाट से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
महाकाल सेवा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस शाही पालकी यात्रा का उद्देश्य सावन में शिवभक्तों को एक साथ जोड़कर भक्ति का संदेश देना है।

Join us on: