रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों पर पुलिस की विशेष व्यवस्था, नागरिकों से सतर्क रहने का अपील
मधुबनी नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एवं सीमा पर शांति, सुरक्षा तथा कानून- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देशानुसार मधुबनी जिले से लगने वाली अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। भारत- नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सभी प्रमुख व वैकल्पिक मार्गों पर पुलिस टीमें लगातार तैनात रहकर सघन निगरानी, वाहन व व्यक्तियों की जांच तथा नियमित गश्त अभियान चला रही हैं। पुलिस बल के द्वारा सीमाई मार्गों पर प्रवेश व निकास पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही, अनुचित गतिविधि या सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा करने वाली घटनाओं को समय पर रोका जा सके। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में पुलिस नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखा गया है और स्थानीय थानों के साथ समन्वय बढ़ाया गया है, ताकि सूचना का आदान- प्रदान शीघ्रता पूर्वक हो सके। मधुबनी पुलिस आम लोगों से भी अपील करते हुए कहा है कि वे प्रशासन और पुलिस के द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान ना दें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अज्ञात व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु के बारे में तुरंत स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर सूचना प्रदान करें। आपकी सूचनाएं समय पर मिलने से अनावश्यक घटनाओं को टाला जा सकता है और सुरक्षात्मक कार्रवाई तेजी से की जा सकेगी। वहीं, जिला प्रशासन ने आग्रह किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आवश्यक न होने पर यात्रा टालें और यदि यात्रा आवश्यक हो तो अपना परिचय पत्र व यात्रा सम्बंधित प्रासंगिक दस्तावेज साथ रखें। साथ ही सामुदायिक सतर्कता बनाए रखें और यदि किसी तरह की असामान्य गतिविधि दिखाई दे तो नजदीकी पुलिस को सूचित करें। मधुबनी पुलिस प्रशासन स्थानीय लोगों की सुरक्षा व सहयोग को प्राथमिकता देती है और परोसी देश मे व्याप्त स्थिति पर पल पल की निगरानी नियमित रूप से कर रही है। वही भारत नेपाल सिमा क्षेत्रों मे योजनाबद्ध गश्त, वाहन-जांच और संदिग्ध लोगों की पहचान के जरिए कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिक जानकारी या आपातकालीन सहायता के लिए अपने नजदीकी थाना से संपर्क करें अथवा डायल- 112 का उपयोग करें।




