वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर खाद की आड़ में छिपाई गई 31.53 लाख की शराब जब्त!

SHARE:

बक्सर से धीरज कुमार की रिपोर्ट..

बक्सर : वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर शुक्रवार शाम उत्पाद विभाग ने खाद की आड़ में लाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। कंटेनर का लॉक तोड़ने पर अंदर से 31 लाख 53 हजार 600 रुपये मूल्य की शराब बरामद हुई। चालक जांच से पहले ही कंटेनर छोड़कर फरार हो गया।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शाम करीब तीन बजे चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच चल रही थी। उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के कंटेनर को रोका गया। टीम ने दस्तावेज और इनवॉइस मांगे और जाम न लगे इसलिए कंटेनर किनारे लगाने को कहा। चालक ने कंटेनर 50 मीटर आगे रोका और मौके से फरार हो गया।

सील कंटेनर का लॉक तोड़कर तलाशी ली गई तो अंदर करीब 300 पोटाश फॉस्फेट के हरे रंग के डिब्बे मिले। डिब्बों के पीछे हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों में वेस्ट लिक्विड मिला है। आशंका है कि शराब की खेप छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया गया था। नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बाईट- अशरफ जमाल उत्पाद अधीक्षक बक्सर

Join us on: