:- रवि शंकर अमित!
श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुचारू एवं सुरक्षित आयोजन के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा आज दिनांक 31.07.2026 को सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरि धाम, गढ़पुरा तक जाने वाले कांवड़िया पथ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कांवड़िया श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद को कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कांवड़िया पथ की नियमित साफ-सफाई, मार्ग में किसी भी प्रकार के अवरोध को तत्काल हटाने, जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मार्ग में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवरियों के आवागमन को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहें।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला अवधि के दौरान प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 30.07.2026 को बाबा हरिगिरि धाम में श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया था। मेला के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा स्वयं विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
मौके पर उप विकास आयुक्त, बेगूसराय श्री आकाश चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय श्री अश्विनी कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




